देवास में आयोजित व्याख्यान माला
समाज जागरण के उद्देश्य से तीन प्रमुख कार्यक्रमों का आयोजन
देवास। श्री राजाभाऊ महाँकाल सेवा न्यास द्वारा इस वर्ष भी व्याख्यान माला समाज में जागरण के उद्देश्य से महत्वपूर्ण विषयों पर ध्यान केंद्रित करते हुए आयोजित की जा रही है। 31 जनवरी से 2 फरवरी 2025 तक आयोजित होने वाले इस आयोजन में देशभर से प्रमुख वक्ता शिरकत करेंगे और समाज के प्रबुद्ध वर्ग को मार्गदर्शन देंगे।
पहला कार्यक्रम 31 जनवरी 2025 को सायं 4 से 6 बजे तक होगा, जिसमें माधवेन्द्र सिंह जी वर्तमान समाज की चुनौतियाँ पर अपना विचार साझा करेंगे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में कुमार गंधर्व जी की आत्मजा (बेटी) विदुषी कलापिनी कोमकली उपस्थित रहेंगी। माधवेन्द्र सिंह जी, जो एकल अभियान के राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष हैं, समाज में शिक्षा और जागरूकता फैलाने के लिए वर्षों से कार्यरत हैं।
दूसरे कार्यक्रम में 1 फरवरी 2025 को सायं 5 से 7 बजे तक डॉ. पवन विजय जी सांस्कृतिक आक्रमण विषय पर व्याख्यान देंगे। डॉ. विजय एक प्रसिद्ध साहित्यकार, समाजशास्त्री और शिक्षाविद हैं, जिन्होंने भारतीय समाज और संस्कृति पर कई शोधपत्र लिखे हैं। उनकी प्रसिद्ध पुस्तक मास्क मैनिफेस्टो वर्तमान समय की बेस्ट सेलर है।
तीसरे और अंतिम कार्यक्रम 2 फरवरी 2025 को सायं 5 से 7 बजे तक प्रो. एम.एस. चैत्रा भारतीय ज्ञान परंपरा पर व्याख्यान देंगे। प्रो. चैत्रा, जो चाणक्य विश्वविद्यालय, बेंगलुरु में एसोसिएट प्रोफेसर हैं, भारतीय सभ्यता और जैव विविधता के संकटों पर गहन शोध कर रहे हैं।
इस व्याख्यान माला में आमंत्रित सभी सम्माननीय बन्धु और भगिनी इस आयोजन का हिस्सा बनकर इन प्रमुख व्यक्तित्वों से मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।उक्त सभी कार्यक्रम मल्हार स्मृति मंदिर,देवास में आयोजित होंगे और इनका उद्देश्य समाज में जागरूकता बढ़ाना और भारतीय संस्कृति और समाज के महत्व को उजागर करना है।
टिप्पणियाँ