देवास और क्षिप्रा में हेल्थ माफिया पर प्रहार
देवास कलेक्टर ऋतुराजसिंह के निर्देशानुसार स्वास्थ्य विभाग द्वारा देवास जिले में संचालित प्रायवेट नर्सिंग होम, क्लीनिक और सोनोग्रॉफी, पैथालॉजी सेन्टरों का निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा बगैर लाइसेंस एवं नियम के विरूद्ध संचालन करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ सरोजनी जेम्स बेक ने बताया कि इसी के तहत मंगलवार को जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.संतोष कोतकर व टीम ने देवास के भगत सिंह मार्ग, नगर निगम के सामने संचालित इन्दौर डायग्नोस्टिक सोनोग्रॉफी सेन्टर का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के टीम को अनियमितता मिली। टीम द्वारा रिकॉर्ड जब्ती कर तत्काल कार्यवाही करते हुए सोनोग्रॉफी सेन्टर को बंद किया गया।
इस दौरान बताया कि सोनोग्रॉफी सेन्टर संचालनकर्ता डॉ पंकज गुप्ता हैं। टीम ने बताया कि इनका देवास जिले में देवास शहर सहित ग्राम क्षिप्रा में भी एक इन्दौर डायग्नोस्टिक सेन्टर के नाम से सेन्टर चलाया जा रहा है। टीम को तत्काल निर्देश दिये और टीम दोपहर के समय क्षिप्रा सेन्टर पहुंची लेकिन सेन्टर बंद पाया गया। उक्त दोनों सेन्टर पर डॉ पंकज गुप्ता नहीं मिले। इनके द्वारा शासन के नियम विरूद्ध इन सेन्टरों का संचालन किया जा रहा है। योग्य चिकित्सक के द्वारा सोनोग्रॉफी नहीं करने एवं निरीक्षण की कार्यवाही के भय से दूसरे सेन्टर के बंद पाये जाने पर पंचनामा बनाकर इन सेन्टरों को तत्काल सील कर नोटिस चस्पा किये गये। नोटिस में उल्लेख है कि बिना मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी,जिला देवास की अनुमति के सेन्टर का संचालन नहीं किया जावे और सेन्टरों की अनुमति संचालन सम्बंधी दस्तावेजों सहित कार्यालय में उपस्थित हों।
डॉ कोतकर ने बताया कि देवास में ही सोनोग्रॉफी सेन्टर इन्दौर डायग्नोस्टिक सेन्टर देवास में कार्यवाही के दौरान डॉ करूणा पांडे बीएचएमएस, बीएससी बायोटैक्नोलॉजी की चिकित्सकीय पर्ची पर सोनोग्रॉफी लिखते हुए सील एवं साइन भी प्राप्त हुए किन्तु मरीज का नाम नहीं लिखा गया। जो पर्ची सोनोग्रॉफी कराने आई महिला श्रीमती गायत्री पति संदीप यादव के पास प्राप्त हुई। डॉ करूणा पांडे होम्योपैथी चिकित्सक है जबकि वे एलोपैथी में पर्ची पर सोनोग्रॉफी की सलाह लिख रही है, जो कि सर्वथा उनकी चिकित्सा पैथी का उल्लंघन है। टीम डॉ करूणा पाण्डे के क्लीनिक में पहुंची तो, वहां अनजान व्यक्ति तत्काल शटर गिराकर ताला लगाकर फरार हो गया। डॉक्टर को नोटिस देने की कार्रवाई की जा रही है।



टिप्पणियाँ