मुस्कान से दिल जीतने वाला चेहरा अब यादों में…
युवा उद्योगपति विकास जायसवाल को नम आंखों से दी अंतिम विदाई
देवास(चेतन राठौड़)। शहर के युवा उद्योगपति और बेहद मिलनसार व्यक्तित्व के धनी विकास जायसवाल को शनिवार सुबह हजारों नम आंखों के बीच अंतिम विदाई दी गई। सिविल लाइन स्थित निवास से निकली उनकी अंतिम यात्रा में जनसैलाब उमड़ पड़ा। हर चेहरे पर गम था और हर जुबा पर बस एक ही बात इतना सरल इंसान इतनी जल्दी कैसे चला गया…
स्थानीय मुक्तिधाम पर पूरे विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। मुखाग्नि पुत्र चक्षत ने दी। शुक्रवार को हृदयगति रुकने के कारण इंदौर के एक निजी अस्पताल में उनका निधन हो गया था।
अंतिम यात्रा में शहर के व्यापारी, समाजसेवी, राजनीतिक और प्रशासनिक क्षेत्र से जुड़े लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। शोकसभा में मुख्यमंत्री के बड़े भाई नारायण यादव, आगर विधायक मधु गेहलोत, भगवानसिंह चावड़ा, मनोज राजानी, अनिलराजसिंह सिकरवार, संजय शुक्ला, रामेश्वर जलोदिया, शरद पाचुनकर, संतोष जायसवाल, एएसपी एचएन बाथम, ज्ञानचंद लखमानी, जिला आबकारी अधिकारी मनीष खरे, एडीओ महेश पटेल, जिला महामंत्री राजेश यादव सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
विकास जायसवाल केवल एक बड़े कारोबारी नहीं थे, बल्कि अपने सरल स्वभाव, शालीन व्यवहार और आत्मीयता के कारण लोगों के दिलों में खास जगह रखते थे। सोशल मीडिया पर उनके व्यक्तित्व को लेकर भावुक पोस्ट लगातार वायरल हो रही हैं। कोई उन्हें हर किसी का अपना बता रहा है तो कोई मुस्कुराते चेहरे वाला मददगार इंसान कहकर याद कर रहा है।उन्होंने अपनी मेहनत से पूरे प्रदेश में एक पहचान हासिल की थी।
देवास ही नहीं, पूरे प्रदेश से उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है। उनके अचानक निधन ने समर्थकों, मित्रों और परिचितों को गहरे सदमे में डाल दिया है। शहर आज एक ऐसे युवा चेहरे को याद कर रहा है जिसने सफलता के साथ विनम्रता को भी हमेशा जीवित रखा।

टिप्पणियाँ