डागा पैलेस में रातभर शोर से परेशान रहवासी
देवास- पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद के द्वारा डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध,ध्वनि विस्तारक यंत्रों के नियमानुसार प्रयोग एवं रात्रि 11:00 बजे के बाद कोलाहल पर पूर्ण निषेध के संबंध में निर्देश दिये गये है साथ ही जिला दण्डाधिकारी देवास ऋतुराज सिंह द्वारा आदेश क्रमांक 1286/एडीएम/रीडर/एफ-40/2025, देवास, दिनांक 07.05.2025 के माध्यम से बीएनएसएस 2023 की धारा 163 के अंतर्गत आगामी दो माह हेतु डी.जे./ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए गए हैं । आदेश के उल्लंघन पर बीएनएस 2023 की धारा 223 के अंतर्गत दण्डनीय कार्यवाही किये जाने हेतु निर्देशित भी किया गया है । जिस पर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र शशिकांत चौरसिया के नेतृत्व में थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस उल्लंघनकर्ताओं के विरुद्ध निरन्तर कार्यवाही कर रही है ।
दिनांक 24.02.2026 की रात्रि को थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि होटल डागा पैलेस कैलादेवी रोड के गार्डन में तेज आवाज में डी.जे. बज रहा है, जिससे आसपास के रहवासियों को अत्यधिक असुविधा हो रही है ।सूचना की तस्दीक हेतु थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत चौरसिया के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुँची। मौके पर पाया गया कि स्टेज के पास बड़े साउंड सिस्टम पर अत्यंत तीव्र आवाज में गाने बजाकर ध्वनि प्रदूषण किया जा रहा था। पूछताछ में डी.जे. संचालक प्रदीप पिता मोतीराम नरवरिया निवासी मुखर्जीनगर ने स्वीकार किया कि वह 'खुशबू डी.जे.' मालिक मनोज झा निवासी गंगानगर का संचालन कर रहा है । डी.जे. बजाने के संबंध में कोई भी वैध अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं किया गया। पुलिस द्वारा मना करने के बावजूद यंत्रों को बंद नहीं किया गया, जो कि जिला दण्डाधिकारी के आदेश का स्पष्ट उल्लंघन है। औद्योगिक क्षेत्र पुलिस द्वारा आरोपी प्रदीप नरवरिया और मनोज झा के विरुद्ध म.प्र. कोलाहल नियंत्रण अधिनियम की धारा 7/15 एवं बी.एन.एस. 2023 की धारा 223(b) व 49 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। विवेचना के दौरान डी.जे. सिस्टम को जप्त किया जाकर आरोपीगण को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जावेगा।
इनका रहा सराहनीय कार्य- उक्त सराहनीय कार्य में थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र देवास निरीक्षक शशिकान्त चौरसिया, उनि गोविंद बड़ोलिया, आर अजय जाट,राहुल शर्मा की सराहनीय भूमिका रही ।

टिप्पणियाँ