देवास की धरती पर फिर सजा राजशाही वैभव
देवास(चेतन राठौड़)। शहर एक बार फिर राजसी परंपराओं, शाही ठाठ-बाट और ऐतिहासिक वैभव का साक्षी बनने जा रहा है। देवास राज परिवार की राजकुमारी कनिका राजे पवार का विवाह समारोह भव्य एवं पारंपरिक अंदाज में आयोजित किया जा रहा है, जिसकी कई महत्वपूर्ण रस्में इंदौर और देवास में संपन्न हो चुकी हैं।
राजकुमारी कनिका राजे पवार, देवास विधायक गायत्री राजे पवार की पुत्री एवं देवास महाराज विक्रम सिंह पवार की छोटी बहन हैं। राजघराने की इस शाही शादी को लेकर शहर में उत्साह और चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।
कनिका राजे पवार के पिता स्व. तुकोजीराव पवार मध्यप्रदेश की राजनीति का एक बड़ा और प्रभावशाली नाम रहे हैं। वे विधायक रहने के साथ-साथ प्रदेश सरकार में मंत्री पद की जिम्मेदारी भी निभा चुके थे और प्रदेश की राजनीति में उनका विशेष प्रभाव माना जाता रहा है।
इस राजशाही विवाह समारोह की खास बात यह भी है कि इसमें पूरे भारत के कई प्रतिष्ठित राजपरिवारों के सदस्य शामिल होंगे, वहीं विदेशी नागरिकों की उपस्थिति भी इस आयोजन को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप दे रही है। साथ ही प्रदेश के कई मंत्री, विधायक, सांसद एवं केंद्रीय मंत्री भी समारोह में शिरकत करेंगे, जिससे यह आयोजन सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक दृष्टि से बेहद हाई-प्रोफाइल बन गया है।

टिप्पणियाँ