नवागत निगम आयुक्त दलीप कुमार के फ्लेक्स अभियान पर विधायक पुत्र विक्रम सिंह पवार का घेराव,समर्थकों ने दिखाया दम



देवास(चेतन राठौड़)। नवागत नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार के पदभार संभाले कुछ ही घंटे बीते थे कि उनके पहले ही निर्णय ने देवास की राजनीति में भूचाल ला दिया। आयुक्त के निर्देश पर शहर की सुंदरता बिगाड़ रहे अवैध पोस्टर, बैनर और फ्लेक्स हटाने की कार्यवाही नगर निगम की टीम ने शुरू की, लेकिन यही कार्यवाही भारी विवाद का कारण बन गई।

जिन नेताओं के पोस्टर-बैनर नगर निगम की कार्यवाही में उखाड़ फेंके गए, वे बुरी तरह भड़क उठे। नाराज नेताओं के समर्थकों ने देर रात सयाजी गेट पर जमावड़ा शुरू कर दिया। देखते ही देखते भीड़ बढ़ती चली गई। मोबाइल पर लगातार कॉल्स की गूंज और तेजी से जुटते समर्थकों ने पूरे घटनाक्रम को गर्मा दिया। मामला साफ हुआ जब पता चला कि विधायक पुत्र, देवास महाराज विक्रम सिंह पवार खुद सयाजी गेट की ओर बढ़ रहे हैं।


जैसे ही विक्रम सिंह पवार अपने समर्थकों के बीच पहुंचे, उनका कारवां सीधे उज्जैन चौराहे की ओर पैदल रवाना हो गया। समर्थकों ने वहां रोड जाम कर दिया। देवास पुलिस मौके पर पहुंची, मगर भीड़ इतनी आक्रोशित थी कि समझाइश और प्रयासों के बावजूद न तो जाम खुल सका और न ही नाराजगी थमी। नवागत आयुक्त की फ्लेक्स कार्यवाही को लेकर विरोध में जमकर नारों के बीच कुछ समर्थक उग्र तेवर दिखाते रहे तो कुछ शांतिपूर्वक आंदोलन में शामिल रहे। विधायक पुत्र खुद समर्थकों संग डटे रहे और यहां तक कि रोड पर बैठने तक से परहेज नहीं किया। उनका कहना था नवरात्रि महापर्व पर इस तरह की कार्यवाही अनुचित है।

इसके बाद पूरा जत्था नगर निगम कार्यालय पहुंचा। यहां भाजपा पार्षद भी मौजूद थे और उन्होंने खुलकर निगम की कार्यवाही की निंदा की। निगम परिसर धरना-प्रदर्शन का अखाड़ा बन गया। देर तक कोई जिम्मेदार अधिकारी सामने नहीं आया, पुलिस जरूर भारी सुरक्षा घेरे के साथ मौजूद रही।

घटनाक्रम को और तूल तब मिला जब महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल भी मौके पर पहुंचे और विधायक पुत्र के साथ कंधे से कंधा मिलाकर इस विरोध में शामिल हो गए। बढ़ते दबाव और हंगामे के बीच आखिरकार एडीएम और एसडीएम निगम कार्यालय पहुंचे। उन्होंने विक्रम सिंह पवार और महापौर प्रतिनिधि से अलग से चर्चा की। आपसी बातचीत के बाद आखिरकार आंदोलन थमा, लेकिन तब तक शहर कई घंटे तक अफरातफरी का माहौल रहा।



विधायक पुत्र ने साफ कहा नवरात्रि देवास का सबसे बड़ा पर्व है, ऐसे फैसले लेने से पहले प्रशासन को हर पहलू पर विचार करना चाहिए। जनता की भावनाओं से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों का कहना था कि चर्चा हो चुकी है, मगर किसी ठोस निर्णय पर टिप्पणी नहीं की गई।

इसी बीच निगम द्वारा जब्त किए गए कुछ फ्लेक्स समर्थकों को वापस लौटा दिए गए। घंटों चले इस धरना-प्रदर्शन और जाम ने देवास नगर निगम के नवागत आयुक्त के पहले ही फैसले को विवादों के घेरे में ला दिया है। यह घटनाक्रम अब कई राजनीतिक सवाल खड़े कर गया है, जिनके जवाब आने वाले समय में जनता को मिलने वाले हैं।



टिप्पणियाँ

तापमान

+29
°
C
+30°
+24°
Dewas
Saturday, 24
Sunday
+31° +24°
Monday
+27° +23°
Tuesday
+25° +23°
Wednesday
+27° +23°
Thursday
+24° +23°
Friday
+29° +23°
See 7-Day Forecast

Cricket Score

Archive

संपर्क फ़ॉर्म

भेजें