एमजी रोड की बदहाली पर भड़के व्यापारी,आंदोलन की चेतावनी
देवास(चेतन राठौड़)।शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र एमजी रोड पर जनता बैंक से लेकर तहसील चौराहे तक नाले निर्माण का काम चल रहा है, लेकिन इसकी धीमी गति ने व्यापारियों की परेशानी बढ़ा दी है। पूरे मार्ग पर दिनभर धूल उड़ रही है, जिससे दुकानों में बैठना मुश्किल हो गया है और ग्राहक भी बाजार आने से बच रहे हैं।
व्यापारियों का कहना है कि अतिक्रमण हटाने के बाद उम्मीद थी कि निर्माण कार्य तेजी से पूरा होगा, लेकिन जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते काम रफ्तार नहीं पकड़ पा रहा है। इसका सीधा असर व्यापार पर पड़ रहा है और कई दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हो रहा है।
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि क्षेत्रीय पार्षद और नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों को कई बार इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उनका कहना है कि शिकायतों के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।
नाराज व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही निर्माण कार्य में तेजी नहीं लाई गई और धूल से राहत नहीं मिली, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। व्यापारियों का साफ कहना है कि यदि उनकी समस्याओं की अनदेखी जारी रही तो आगामी चुनाव में भाजपा को वोट नहीं दिया जाएगा।
ठेकेदारी व्यवस्था पर भी उठे सवाल
सूत्रों के अनुसार एमजी रोड के नाले निर्माण का ठेका बाहर के एक ठेकेदार ने लिया है, लेकिन काम स्थानीय ठेकेदार को दे दिया गया है। बताया जा रहा है कि उक्त ठेकेदार के पास शहर में अन्य स्थानों पर भी निर्माण कार्य चल रहे हैं, जिसके चलते यहां पर्याप्त संसाधन और श्रमिक नहीं लगाए जा रहे हैं।
आरोप है कि पिछले 8 दिनों में मुश्किल से करीब 100 फीट नाली का ही निर्माण हो पाया है। व्यापारियों का कहना है कि यदि इसी गति से काम चलता रहा तो नाले का निर्माण बरसात से पहले पूरा होना मुश्किल है और संभव है कि जून में बारिश शुरू होने तक भी काम अधूरा ही रहे। ऐसे में एमजी रोड पर हालात और बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है।


टिप्पणियाँ