जंगल में चल रही थी अवैध सुतली बम फैक्ट्री
देवास पुलिस का बड़ा खुलासा
25 लाख का विस्फोटक जब्त, तीन गिरफ्तार
देवास पुलिस ने उदयनगर थाना क्षेत्र के पोला खाल ग्राम के दुर्गम वन क्षेत्र में संचालित दो अवैध पटाखा निर्माण फैक्ट्रियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 50 हजार तैयार रस्सी बम और 2500 किलोग्राम विस्फोटक पाउडर सहित लगभग 25 लाख रुपए की सामग्री जब्त की है। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि इंदौर निवासी मुख्य आरोपी संजय शर्मा के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (रासुका) के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार 15 मार्च को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पोला खाल क्षेत्र के जंगल में दो स्थानों पर टीन शेड बनाकर अवैध रूप से सुतली बम बनाने का काम चल रहा है, जहां दो दर्जन से अधिक मजदूर काम कर रहे हैं और इसका संचालन इंदौर का एक कारोबारी कर रहा है। सूचना पर पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एच.एन. बाथम, एसडीओपी बागली संजय सिंह बैस और निरीक्षक बीडी बीरा के नेतृत्व में टीम गठित कर थाना उदयनगर प्रभारी सी.एल. रायकवार व पुलिस बल के साथ झोलपीपली क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी गई।
जांच में सामने आया कि इंदौर निवासी संजय शर्मा बिना अनुमति और सुरक्षा व्यवस्था के बड़े पैमाने पर सुतली बम निर्माण और विस्फोटक सामग्री का भंडारण कर रहा था, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस ने दोनों स्थानों से करीब 2500 किलो बारूद, 50 हजार तैयार रस्सी बम और अन्य सामग्री जब्त की।
मामले में उदयनगर थाना पुलिस ने आरोपी संजय शर्मा निवासी इंदौर, सुनील पिता रूपसिंह भील निवासी नंदिया तलाब खरगोन, पातिया पिता रूपसिंह भील निवासी नंदिया तलाब खरगोन के खिलाफ अपराध क्रमांक 83/2026 तथा संजय शर्मा और श्यामलाल पिता फत्तु ठाकुर निवासी नेहरू नगर सिलीकांत नगर राऊ इंदौर के विरुद्ध अपराध क्रमांक 84/2026 में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 4/5 व बीएनएस की धारा 288 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मौके से सुनील, पातिया और श्यामलाल को गिरफ्तार किया गया है।
कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एच.एन. बाथम, एसडीओपी संजय सिंह बैस, थाना प्रभारी सी.एल. रायकवार, निरीक्षक बीडी बीरा, उप निरीक्षक बी.एस. भिलाला, प्रधान आरक्षक मनीष मीना, जगदीश सोलंकी, आरक्षक मुकेश रावत, गजराज सिंह, दीपक पटेल, इन्द्रजीत दांगी और मगन बामनिया की सराहनीय भूमिका रही।




टिप्पणियाँ