अमलतास विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह सम्पन्न
देवास(चेतन राठौड़)। अमलतास विश्वविद्यालय में शुक्रवार 3 अप्रैल को वार्षिक दीक्षांत समारोह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार, विशिष्ट अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में देवास विधायक गायत्री राजे पंवार, हाटपिपलिया विधायक मनोज चौधरी, निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग अध्यक्ष डॉ. खेम सिंह डेहरिया, भाजपा जिला अध्यक्ष रायसिंह सेंधव, अमलतास ग्रुप के संस्थापक सुरेश सिंह भदौरिया, चेयरमैन मयंकराज सिंह भदौरिया, प्रो. चांसलर डॉ. सलिल भार्गव सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक और स्टाफ मौजूद रहे।
स्वास्थ्य सेवा ही सबसे बड़ा धर्म: केंद्रीय मंत्री
मुख्य अतिथि डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा देना मानव सेवा का सबसे बड़ा धर्म है। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज में बेहतर चिकित्सा सेवा देने और अपनी अलग पहचान बनाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2016 में शुरू हुआ अमलतास मेडिकल कॉलेज आज चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में लगातार प्रगति कर रहा है और अब तक 1000 से अधिक एमबीबीएस डॉक्टर तैयार कर चुका है।
अभिभावकों के चेहरे पर दिखी खुशी: उप मुख्यमंत्री
उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह दिन विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों के लिए भी गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल करियर नहीं, बल्कि समाज की सेवा भी है।
सेवा कार्यों की सराहना
देवास विधायक गायत्री राजे पंवार ने अमलतास अस्पताल द्वारा घर-घर उपचार पहुंचाने की पहल को सराहनीय बताया। वहीं विधायक मनोज चौधरी ने विद्यार्थियों से अर्जित ज्ञान को समाजहित में उपयोग करने की अपील की।
300 से अधिक विद्यार्थियों को मिली उपाधियां
समारोह में एमबीबीएस, एमडी, एमएस, एमसीएच, नर्सिंग, बीएससी नर्सिंग और बीपीटी के 300 से अधिक स्नातक एवं स्नाकोत्तर विद्यार्थियों को डिग्री, प्रमाण पत्र और स्वर्ण पदक प्रदान किए गए। सभी विद्यार्थियों को सेवा भावना के साथ कार्य करने की शपथ भी दिलाई गई।
डी.लिट की मानद उपाधि प्रदान
इस अवसर पर सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए भाजपा जिला अध्यक्ष रायसिंह सेंधव एवं प्रशासनिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी राकेश सिंह को डी.लिट की मानद उपाधि प्रदान की गई।कार्यक्रम के दौरान अमलतास ग्रुप की डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन एवं पुस्तक विमोचन भी किया गया। साथ ही नशा मुक्ति केंद्र का निरीक्षण कर अतिथियों ने सराहना की और नशामुक्ति की शपथ दिलाई।






टिप्पणियाँ