सेफ क्लिक 2.0: जीआरपी देवास ने ऑटो चालकों और यात्रियों को किया साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक
देवास। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी सेफ क्लिक 2.0 मध्यप्रदेश पुलिस साइबर जागरूकता अभियान-2026 के तहत सोमवार को 14वें दिन जीआरपी देवास ने रेलवे स्टेशन परिसर में विशेष जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान ऑटो चालकों, कुलियों, यात्रियों और महिलाओं को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए।
जीआरपी अधिकारियों और कर्मचारियों ने डिजिटल भुगतान, फर्जी यूपीआई स्क्रीनशॉट, क्यूआर कोड फ्रॉड, ओटीपी धोखाधड़ी, फर्जी बैंक अधिकारी बनकर ठगी, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया और निवेश से जुड़े साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक किया। लोगों को सलाह दी गई कि किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी, यूपीआई पिन या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा केवल स्क्रीनशॉट देखकर भुगतान की पुष्टि न करें, बल्कि बैंक खाते में राशि प्राप्त होने की जांच अवश्य करें।
अभियान के दौरान साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाई गई, हस्ताक्षर अभियान चलाया गया तथा रेलवे स्टेशन क्षेत्र में बैनर और पंपलेट के साथ जागरूकता रैली भी निकाली गई। जीआरपी ने लोगों को बताया कि साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें या साइबर क्राइम पोर्टल के माध्यम से सूचना दें।
जीआरपी देवास ने आमजन से अपील की कि डिजिटल लेनदेन के दौरान हमेशा सतर्क रहें और सोच-समझकर क्लिक करें, सुरक्षित रहें के संदेश को अपनाते हुए किसी भी साइबर अपराध की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

टिप्पणियाँ