कटनी से उठी कलम की हुंकार, पत्रकार सुरक्षा कानून पर तेज होगा संघर्ष
देवास(कटनी)। मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ की पांचवीं प्रदेश कार्यसमिति की बैठक कटनी में संपन्न हुई। बैठक में पत्रकार सुरक्षा कानून, पत्रकार भवन, संगठन की मजबूती और पत्रकारों के अधिकारों को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई। प्रांताध्यक्ष शलभ भदौरिया ने कहा कि लंबित मांगों के निराकरण के लिए प्रदेशव्यापी आंदोलन की तैयारी की जाएगी।
मुख्य अतिथि पद्मश्री बाबूलाल दाहिया ने कहा कि पत्रकार और साहित्यकार स्वाभिमानी सहोदर हैं। उन्होंने क्षेत्रीय पटेरी बोली को पहचान दिलाने की जरूरत पर बल दिया। बड़वारा विधायक धीरेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि समाज की समस्याओं को सबसे पहले पत्रकार सामने लाते हैं और पत्रकार भवन के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। कटनी विधायक संदीप जायसवाल ने कहा कि शासन स्तर पर पहल कर पत्रकार भवन के लिए भूमि और बजट उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। महापौर प्रीति सूरी ने कहा कि जनहित के मुद्दों के समाधान के बाद भी उनकी जानकारी जनता तक पहुंचनी चाहिए।
बैठक में पत्रकार सुरक्षा कानून को लागू कराने के लिए सरकार पर प्रभावी दबाव बनाने की रणनीति तय की गई। प्रांतीय कोषाध्यक्ष शिशुपाल तोमर ने आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया, जबकि महासचिव सुनील त्रिपाठी का प्रतिवेदन प्रदेश उपाध्यक्ष दिलीप सिंह भदौरिया ने प्रस्तुत किया। संगठन प्रभारी मोहम्मद अली ने पूर्व निर्णयों की पुष्टि कराई। विधिक सलाहकार संदीप शर्मा ने संगठन के नाम के दुरुपयोग के मामलों में न्यायालयीन कार्रवाई की जानकारी दी।
बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारियों और सदस्यों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती पूजन से हुआ। संचालन डॉ. पारस जैन एवं डॉ. रौशनी विलईया ने किया। कटनी जिलाध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र राजपूत एवं उनकी टीम ने आयोजन की मेजबानी करते हुए अतिथियों और विभिन्न जिला इकाइयों के पदाधिकारियों का सम्मान किया।


टिप्पणियाँ