जब अचानक अपने कार्यकर्ता के निवास पर पहुँचे विधायक
देवास। विगत दिनों कांग्रेस के घर चलो,घर-घर चलो अभियान की शुरूआत देवास जिले से हुई थी।बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया था।जिसमे पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे थे।कार्यक्रम में जिले सहित प्रदेश के कई कांग्रेस नेता सम्मिलित हुए थे। कार्यक्रम के दौरान एक वायरल वीडियो(मंच पर नेताओं की बहस) ने काफी सुर्खियां बटोरी थी। यह वीडियो कार्यक्रम मंच का था जिसमे कांग्रेस के ग्रामीण नेता महेंद्र सिंह तालोद दिखाई दे रहे थे। वीडियो में मंच पर चढ़ने को लेकर विवाद हो रहा था ऐसा साफ दिख रहा था। प्रत्यक्षदर्शी का कहना था कि सूची में नाम नहीं होने के कारण विवाद की स्थिति निर्मित हो गयी थी। जैसे तैसे कार्यक्रम सम्पन्न हो गया लेकिन तालोद की नाराजगी की खबर पार्टी के नेताओं तक पहुँच गई। सोनकच्छ विधायक व पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा कार्यक्रमों में शामिल होने सोनकच्छ पहुंचे थे, इसी दौरान वे अचानक तालोद के निवास पर भी पहुंचे। गिले शिकवो को दूर कराकर पार्टी के लिए समर्पण भाव से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। हालांकि कार्यक्रम के बाद से ही चर्चा का दौर जारी था कि तालोद कोई बड़ा कदम उठा सकते हैं लेकिन वर्मा ने निवास पर पहुँच कर सभी चर्चाओं को विराम दे दिया। वर्मा के तालोद के निवास पहुंचने से क्षेत्र में तालोद का राजनीतिक कद और बढ़ दिया।
टिप्पणियाँ