तीन शब्द सुनना,श्रवण,चिंतन और मनन जीवन में उतार लो तो कल्याण हो जाएगा - जया किशोरी जी
देवास में बनेगा भव्य भारत माता का मंदिर
देवास। देवास पुलिस ग्राउंड पर माँ गंगा जन कल्याण समिति द्वारा आयोजित श्रीमद भागवत कथा के द्वितीय दिवस पर भागवत प्रवक्ता जया किशोरी जी ने कहा की भागवत जीना सिखाती है कलयुग में आपको मोक्ष के मार्ग को दिखाने वाला भागवत के अलावा कोई और नहीं है। संसार आपको पाप में ढकेलता है। आपके कर्मों में विष घोलता है और आप पाप के प्रति आसक्त हो जाते है। आप अपने जीवन में केवल भोग और विलास को ही सुख समझते हो तो पशु भी भोग विलास करते हैं। अर्थात मनुष्य और पशु में कोई अंतर नहीं है। मनुष्य बुद्धि और विवेक का प्रयोग करता है। अच्छा और बुरा को समझाता है। हमें केवल इस जन्म में नहीं अगले जन्म के लिए भी जीवन को संवारना है। क्योंकि जैसा करोगे वैसा मिलेगा। मनुष्य जीवन मोज के लिए नहीं, भक्ति के लिए मिला है। भक्ति का मार्ग भागवत में है। आपने कथा प्रसंगों में धुंधकारी प्रेत के मोक्ष की कथा का वर्णन करते हुए कहा कि भागवत भक्तों का नही, दुष्टों का भी उद्धार कर देती है। तीन शब्द जीवन में उतार लो कल्याण हो जाएगा। सुनना, श्रवण, चिंतन और मनन भागवत को सुनो उस पर चिंतन करो। चिंतन से सीखोगे और मनन से करोगे। भागवत कथा आपके जीवन की पाठशाला है। आपने सती अनसुइया की चरित्र का वर्णन करते हुए कहा कि भगवान के चौबीस अवतारों में एक अवतार सती अनसुइया के कारण भगवान ने लिया है। आपने अनेक आध्यात्मिक वृतांतों का वर्णन करते हुए कहा कि पूरी बात सुनकर ही वचन देना चाहिए। मृत्यु से भाव से बड़ा अपमान का भाव होता है। किसी को नीचा दिखाने वाला दुनिया का सबसे बड़ा पापी है। आप जिसके पास बैठे है और वो व्यक्ति अपने आपको छोटा समझने लग जाए तो आप बड़े है और अगर आप अपने आप को बड़ा समझने लग जाओगे तो आप अभिमानी है। आपने धु्रव चरित्र का वर्णन करते हुए कहा कि सुमिति के विचार पर चलने वाला व्यक्ति परमात्मा की गोदी प्राप्त कर सकता है। धु्रव तारा आज भी संसार को सही दिशा दिखा रहा है। आपने सती चरित्र सहित राजा परिक्षित के जन्म की कहानी का सुंदर वर्णन किया। कथा के दूसरे कथा श्रवण करने के लिए हजारों की संख्या में भक्तजन कथा श्रवण करने पहुंचे।
देवास में बनेगा भव्य भारत माता का मंदिर
माँ गंगा जनकल्याण समिति ने जनसहयोग से देवास में भारत माता का मंदिर बनाने की घोषणा की। जिसमें मप्र के शहीद वीर जवानों के चित्र और उनका जीवन परिचय रहेगा, ताकि भावी पीढ़ी में राष्ट्र के प्रति समर्पित होने के भाव जगे। इस अवसर पर यजमान मानसिंह भाटी, धर्मेन्द्र सिंह ठाकुर, कालुराम यादव, सुनील वर्मा, संजय चौधरी ने व्यासपीठ की पूजा की और यज्ञ में शामिल हुए। बतौर अतिथि हाटपीपल्या विधायक,भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव खण्डेलवाल, अनिलराज सिंह सिकरवार, जुगनू गोस्वामी आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन चेतन उपाध्याय ने किया।
टिप्पणियाँ