कछुआ गति से बना मेढ़की रोड रेल्वे ओवरब्रिज का सांसद तथा विधायक ने किया लोकार्पण
20 करोड़ 44 लाख 60 हजार रूपये की लागत से बना ओवरब्रिज
देवास-शहर में विकास की रफ्तार का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि वर्ष 2020 में पूर्ण होने वाला ब्रिज का आज दो वर्ष बाद पूर्ण होने पर 30 अप्रैल 2022 को लोकार्पण किया गया। कछुआ गति से बने इस ब्रिज से सबसे ज्यादा नुकसान आम जनता का ही हुआ है।यह ब्रिज पूरी तरह से राजनीति की भेंट चढ़ा,ब्रिज के मुद्दे को लेकर कांग्रेस और भाजपा हमेशा आमने-सामने दिखी।
इस ब्रिज की महत्ता को केवल वही लोग समझ सकते हैं जो पटरी के पार निवास करते है।इसके निर्माण से लेकर लोकार्पण तक खूब राजनीति हुई।लोकार्पण को लेकर भी एक कहानी जो सोशल मीडिया पर चर्चा में है कि विपक्ष के कड़े विरोध के बाद ताबड़तोड़ सत्ता पक्ष द्वारा इस ब्रिज का बिना किसी शुभ मुहूर्त के समय से पहले लोकार्पण कर दिया गया।लेकिन जो हुआ अच्छा हुआ कम से कम आमजन को तो राहत मिली।
नवनिर्मित रेलवे ओवर ब्रिज का आज लोकार्पण सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी तथा विधायक गायत्री राजे पवार के मुख्य आतिथ्य में हुआ। दोनों ही अतिथियों द्वारा फीता काटकर और पूजा-अर्चना कर ब्रिज का लोकार्पण किया। इस अवसर पर सत्ता के तमाम नेतागण सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, नगर निगम आयुक्त, रेलवे के इंजीनियर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
इस अवसर पर सांसद सोलंकी ने कहा कि विकास कार्य हमारी पहली प्राथमिकता है। आज 20 करोड़ 44 लाख 60 हजार रूपये की लागत से निर्मित ओवर ब्रिज का लोकार्पण हुआ है। विधायक देवास गायत्री राजे पवार ने कहा कि इस ब्रिज के निर्माण में हम सभी का योगदान है। आज इस ब्रिज का लोकापर्ण हो रहा है, यह देवास के लिए बहुत बडी सौगात है। यह ब्रिज जनता को समर्पित है। ब्रिज के निर्माण से देवास के आसपास के गांव और रेलवे पटरी के उस पार रहने वाले कॉलोनियों के नागरिकों आवागमन में सुविधा रहेगी। ब्रिज की कुल लम्बाई 735.86 मीटर है। ब्रिज की चौडाई 12 मीटर केरिजवे 7.50 मीटर है।
टिप्पणियाँ