भगवान श्री परशुराम की सवा 11 फीट पीतल प्रतिमा का अनावरण
श्री रंगनाथ राधा कृष्ण मंदिर मे स्थापित की गई है प्रतिमा
देवास। देवास के चाणक्यपुरी क्षेत्र स्थित श्री रंगनाथ राधा कृष्ण मंदिर में सवा 11 फीट ऊंची पीतल की प्रतिमा स्थापित की गई है। प्रतिमा का अनावरण समारोह 16 सितंबर गुरुवार को ब्राह्मण समाज के वरिष्ठजनों के आतिथ्य में किया गया। प्रतिमा का अनावरण होते ही समूचा पंडाल जय जय परशुराम के नारों से गूंज उठा।
प्रतिमा स्थापित करने का संकल्प लिया था
मंदिर की स्थापना वर्ष 2004 में चंदा शर्मा ने अपने निजी निवास पर की थी। पेशे से शिक्षिका रही श्रीमती शर्मा की लंबे समय से इच्छा थी कि वह ब्राह्मण समाज के लिए कुछ विशेष योगदान करें। इसी सोच के चलते श्रीमती शर्मा ने वर्ष 2018 में रिटायर होने के बाद मन ही मन में इंदौर की तर्ज पर देवास में भी भगवान परशुराम की प्रतिमा स्थापित करने का संकल्प लिया। अपनी सारी जमा पूंजी लगाकर उन्होंने साढ़े 8 क्विंटल पीतल की भव्य प्रतिमा अलीगढ़ में बनवाई। जिसे लाकर श्री रंगनाथ राधा कृष्ण मंदिर परिसर में विधि-विधान और पूजन अर्चन के साथ स्थापित किया गया। प्रतिमा अनावरण समारोह में अतिथि के रूप में कान्यकुब्ज विद्या प्रचारिणी सभा इंदौर के कार्यकारिणी सदस्य के के तिवारी, अखिल भारतीय ब्राह्मण संघ देवास के अध्यक्ष संजय शुक्ला, पूर्व महापौर सुभाष शर्मा पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष जयप्रकाश शास्त्री, ब्राह्मण महिला संघ की जशोदाबेन, औदुंबर ब्राह्मण संघ के ओम प्रकाश चौधरी,प्रवीण शर्मा, डॉ सुरेश शर्मा मौजूद रहे।
समाज के पदाधिकारियों को संकल्प दिलाया
इस मौके पर सभी अतिथियों ने चंदा शर्मा के समाज के प्रति योगदान की सराहना की। अखिल भारतीय ब्राह्मण संघ के अध्यक्ष संजय शुक्ला ने मंच से सभी ब्राह्मण समाज के पदाधिकारियों को संकल्प दिलाया कि ब्राह्मण समाज के तमाम कार्यक्रम अब श्री रंगनाथ राधा कृष्ण मंदिर में आयोजित किए जाएंगे। भव्य प्रतिमा के उपस्थित जनों ने दर्शन की और भगवान परशुराम की आरती की गई। अतिथियों का स्वागत चंदा शर्मा, कैलाश चंद शर्मा, महेश नागर, राजेश आसर, सतीश वर्मा, राजेंद्र सिंह दरबार ने किया। इस मौके पर अतिथियों को प्रतीक चिन्ह और साल श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। प्रतिमा अनावरण समारोह में प्रमुख रूप से ब्राह्मण समाज के दिलीप मिश्रा, आदित्य उपाध्याय, बबीता शर्मा, ममता शर्मा सहित बड़ी संख्या में विप्रजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अरविंद त्रिवेदी और स्वप्निल चौधरी ने किया।
टिप्पणियाँ