उत्साह से मन रहा शक्ति का पर्व, टेकरी पर श्रद्धालुओं का तांता, काली महाराज भी पहुंचे
देवास-शारदीय नवरात्रि महापर्व पर भक्तों का सैलाब देश भर में प्रसिद्ध माता टेकरी पर उमड़ा। विगत वर्ष कोरोना के चलते जहां भक्त माता के दर्शन से वंचित रह गए थे, वे पूरे जोश व भक्ति के साथ माता के दरबार में पहुंच रहे हैं। शनिवार व रविवार को जहां भक्तों का सैलाब टेकरी पर व शहर के मुख्य मार्गों पर नजर आया, वहीं सोमवार को प्रसिद्ध कालीचरण महाराज ने भी माता टेकरी पहुंचकर आरती की, जिसमें देवास विधायक व उनके पुत्र सहित जिला प्रशासन के आला अधिकारी व अन्य जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए। देवास की प्रसिद्ध माता तुलजा व चामुंडा टेकरी पर नवरात्र की रौनक देखने लायक है। वहीं बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी मां के द्वार पर पहुंच रहे हैं। अभी तक जहां करीब 6 लाख से अधिक श्रद्धालु मां के दर्शन कर चुके हैं, वहीं सोमवार को प्रसिद्ध संत कालीचरण महाराज के कर कमलों से माता चामुंडा की आरती उतारी गई। आरती देखकर भक्तजन भावविभोर हो गए। असंख्य दीपों से मां की आरती संगीत में धुन के साथ की गई। इस दौरान आकर्षक आतिशबाजी का नजारा भी माता चामुंडा के द्वार पर देखने को मिला। मां चामुंडा की महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। आज सप्तमी तथा कल अष्टमी पर यहां पर और अधिक संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है। उधर डीएसपी किरण शर्मा ने बताया कि नवरात्रि पर्व के प्रथम दिन से पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में देवास पुलिस द्वारा लगातार 24 घंटे ड्यूटी कर दर्शनार्थियों को सुविधा प्रदान करने का प्रयास किया है। यहां दर्शन करने आए श्रद्धालुओं से बिछड़े 42 बच्चों को उनके माता पिता से मिलवाया, 7 लोगो को उनके गिरे हुए पर्स दिलवाया, 13 लोगों का स्वास्थ्य खराब होने पर उन्हें तत्काल पुलिस वाहन से हॉस्पिटल भिजवाया। आगे भी कार्यवाही जारी है।
टिप्पणियाँ