पशु चिकित्सालय में अव्यवस्थाओं का अंबार
सही समय पर गौ माता के बछड़ों को उपचार नहीं मिलने से त्यागे प्राण
वंदे गौ सेवा समिति के सदस्यो ने लगाया आरोप
देवास। गुरुवार दोपहर लगभग 3 बजे वंदे गौसेवा समिति के नाराज सदस्य कलेक्टर कार्यालय पहुँचे। आक्रोशित समिति सदस्यो द्वारा नारेबाजी करते हुए पशु चिकित्सालय की अव्यवस्थाओं व डॉक्टरों द्वारा की जा रही मनमानी का आरोप लगाया। समिति के सदस्य जीतू रघुवंशी ने बताया कि हम गौ माता के बछड़ों के इलाज के लिए ध्यान आकर्षित कराते आ रहे हैं, लेकिन कोई हमारी सुनने वाला नहीं है। हम पहले भी गौ माता के सही ढंग से इलाज नहीं होने की शिकायत कर चुके हैं, लेकिन आज तक कोई निराकरण नहीं निकला ना ही लापरवाही करने वाले जिम्मेदारों पर कोई कार्यवाही की गई है। केवल रुपये देकर पशुओं का इलाज करवाने वालो की सुनी जा रही है। आज इसी लापरवाही के कारण दोनों बछड़ों ने प्राण त्याग दिए। इसीलिए हम सभी सदस्य दोनों बछड़ों को ठेले पर रख कर अपने साथ लेकर कलेक्टर कार्यालय उचित न्याय के लिए आये है। जब तक गौ माता के बछड़ों को इंसाफ नहीं मिलता और इस पूरे मामले की निष्पक्ष जाँच नहीं होती है, हम संघर्ष करते रहेंगे। वहीं कलेक्टर परिसर में नारेबाजी होता देख अपर कलेक्टर महेन्द्र सिंह कवचे ने समिति के सभी सदस्यों की समस्या को सुना और कहा कि हम मामले की निष्पक्ष जांच करवाएंगे और दोषी पाए जाने वाले लोगो पर उचित कार्यवाही करेंगे। समिति के सदस्यों द्वारा आगे की रणनीति बनाई जा रही है।
टिप्पणियाँ