जनसंपर्क विभाग के उपसंचालक श्रवण कुमार सिंह भदौरिया का निधन
मुख्यमंत्री,मंत्री,मीडियाकर्मियों सहित जनसंपर्क अधिकारी संघ ने शोक व्यक्त कर श्रद्धांजलि दी
भोपाल/देवास। कुछ ही अधिकारी होते हैं जो मीडिया के साथ बेहतर तालमेल कर अपने दायित्व का सही रूप से निर्वहन कर पाते है और सरकार के प्रचार प्रसार की खबरों को आकर्षक रूप से प्रस्तुत करते है। स्वर्गीय भदौरिया उन्हीं अधिकारियों में से एक थे। आज उनके चले जाने से परिजन सहित उनके विभाग के कर्मचारी और मीडियाजगत के वे लोग जो उनकी कार्यशैली से परिचित थे दुखी है।
बेहद कर्मठ और मिलनसार अधिकारी के रूप में अपनी पहचान बनाने वाले उपसंचालक,जनसंपर्क श्रवण कुमार सिंह भदौरिया के निधन पर म.प्र जनसंपर्क अधिकारी संघ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। संघ के अध्यक्ष अरूण कुमार राठौर ने श्री भदौरिया के असमय निधन पर शोक व्यक्त कर श्रद्धांजलि दी ,इसके साथ ही संघ के उपाध्यक्ष पंकज मित्तल, अशोक मनवानी, राजेश बेन, क्रांतिदीप अलूने,आशीष शर्मा, समरजीत सिंह चौहान ,राजेश पांडेय के साथ ही डॉ.आर आर पटेल, जी एस मौर्य और संघ के सभी प्रदेश भर के सदस्यों और पदाधिकारियों ने श्री भदौरिया के निधन पर गहन दुःख व्यक्त किया और ईश्वर से उनके परिवार को शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जनसंपर्क विभाग के उप संचालक श्रवण कुमार सिंह भदौरिया के निधन पर दु:ख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा है कि श्री भदौरिया ने आमजन के हित से जुड़े कार्यक्रमों के प्रचार-प्रसार में सक्रियतापूर्वक अपनी भूमिका निभाई। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने स्व. श्री भदौरिया की आत्मा की शांति और उनके परिजन को यह दु:ख सहने की शक्ति देने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
मध्यप्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने ट्वीट कर लिखा -जनसंपर्क विभाग के उपसंचालक श्रवण कुमार सिंह भदौरिया के निधन का दु:खद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान एवं शोकमय परिजनों को इस दु:ख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। ॐ शांति !
देवास मीडिया जगत में अपनी संवेदनाएं व्यक्त की
स्व. भदौरिया ने देवास जिला जनसंपर्क अधिकारी के दायित्वों का निर्वहन करते हुए मीडियाकर्मियों के मन मे अपनी विशेष जगह बनाई थी।उनके निधन पर कई मीडियाकर्मियों ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए उनके निधन पर अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त की।
टिप्पणियाँ