हमारी संस्कृति के इस उत्सव को,इन सुंदर तस्वीरों को नौजवानों को दिखाना बहुत जरूरी-विधायक पवार
पतंग,डोर,तिल-गुड़ का वितरण,देश भर के नामी कवि करेंगे काव्य पाठ..हिंद रक्षक संगठन का भव्य आयोजन
देवास। हिंद रक्षक संगठन के बैनर तले प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी स्थानीय नावेल्टी चौराहा पर 15 जनवरी मकर संक्रांति पर भव्य पतंग महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। जहां सुबह पतंग, डोर, तिल-गुड़ का वितरण किया जाएगा। वहीं शाम को देश भर के नामी कवि अपनी रचनाओं की प्रस्तुति देंगे। हिंद रक्षक संगठन जिला संयोजक एवं नेता सत्तापक्ष मनीष सेन ने बताया कि आयोजन को लेकर बुधवार को उज्जैन रोड स्थित निजी गार्डन में प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया।
मुख्य रूप से उपस्थित विधायक गायत्रीराजे पवार ने पत्रकारों को कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि हिंद रक्षक संगठन का पतंग महोत्सव का यह 21 वां वर्ष है। संगठन अपनी परम्परा को कायम रखते हुए हर वर्ष नए-नए आयोजन करती आ रही है। वर्तमान के आधुनिक युग में पुराने खेल लिप्त होते जा रहे है। जहां पहले के जमाने में बच्चें विविध खेलों से स्वस्थ रहते थे। वहीं आज बच्चों के हाथों में मोबाइल है, जिसका असर बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ता है। इसलिए हमें पुराने खेलों को अपना बच्चों को मोबाइल से दूर रखना चाहिए। संगठन संयोजक सेन ने बताया कि महोत्सव अंतर्गत 15 जनवरी को प्रात: 11 बजे नावेल्टी चौराहा पर बच्चों को पतंग, डोर का वितरण किया जाएगा। वहीं सनातन धर्म की परंपरा अनुसार संक्रांति पर्व पर तिल-गुड़ का वितरण किया जाएगा। इस आयोजन को भव्य बनाने के लिए संगठन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही है।
अयोध्या को झांकी, मथुरा-काशी बाकी है
संगठन के मनीष सेन ने बताया कि पतंग महोत्सव के माध्यम से हर वर्ष संदेश भी दिया जाता है। पूर्व में पतंगों पर स्वच्छ भारत, बेटी बचाओ, बेटी बचाओ, दो गज की दूरी मास्क है जरूरी जैसे स्लोगन प्रसारित किए गए थे। इस वर्ष राम मंदिर निर्माण को देखते हुए पतंगों पर अयोध्या को झांकी, मथुरा-काशी बाकी है का स्लोगन प्रसारित किया जाएगा। उक्त पतंगें आकर्षण का केंद्र रहेगी।
हिंदूवादी नेता व संत बालक नाथ जी महाराज आएंगे
संगठन के मनीष सेन ने बताया कि कार्यक्रम को भव्य रूप देने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही है। वहीं कार्यक्रम में कई अतिथियों का भी आगमन होगा। कार्यक्रम के लिए राजस्थान के हिंदूवादी नेता व संत बालकनाथ जी महाराज ने देवास आने के लिए स्वीकृति प्रदान की है। इनके अलावा भोपाल हुजूर के हिंदूवादी नेता व विधायक रामेश्वर शर्मा, देवास विधायक गायत्रीराजे पवार, हिंद रक्षक संगठन के राष्ट्रीय संयोजक एकलव्य सिंह गौड़ सहित देवास के कई नेतागण मौजूद होंगे।
टिप्पणियाँ